अमृतसर। पंजाब में एक बड़ी आतंकी साजिश को स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने नाकाम करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल कुमार गज्जू के कब्जे से RDX आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आरोपी ने IED को PVC पाइप में छिपाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की थी।
डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक सैलून में सहायक के रूप में कार्य करता था। वह पाकिस्तान में बैठे अपने विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हो रहा था। आरोपी ने शहर के बाहर एक निर्दिष्ट स्थान से विस्फोटक खेप उठाई और इसे छिपाकर रख दिया था।
एस.एस.ओ.सी. के ए.आई.जी. मुखविंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश अंजाम दी जा रही है। एजेंसियों ने इस इनपुट के आधार पर जाल बिछाकर राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी 2022 में अपने विदेशी हैंडलर से संपर्क में आया था और दोनों एन्क्रिप्टेड मोबाइल एप्स के माध्यम से लगातार संवाद कर रहे थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विदेशी हैंडलर राहुल को अपने जाल में फंसाने के लिए लगातार वित्तीय प्रोत्साहन देता रहा। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उसकी गहन पूछताछ जारी है।
एस.एस.ओ.सी. और पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता बताया, क्योंकि इससे राज्य में होने वाली संभावित बड़ी आतंकी वारदात को समय रहते रोका जा सका।