नई दिल्ली। कलबुर्गी में कांग्रेस विधायक के करीबी मतीन पटेल ने हाल ही में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के पॉपुलर गाने ‘Fa9la’ पर एक रील बनाई, जिसमें उन्होंने पिस्टल और बंदूक लहराते हुए दिखाई दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और अब पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
कलबुर्गी पुलिस कमिश्नर शरणप्पा एस डी ने मंगलवार को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह पता लगाया जाए कि वीडियो कहां शूट किया गया और यह किस पुलिस स्टेशन के क्षेत्राधिकार में आता है।
पुलिस ने यह भी कहा कि वीडियो में दिखाए गए हथियारों की वैधता और लाइसेंस की जांच की जा रही है। कमिश्नर ने कहा, “अगर हथियार असली पाया गया, तो यह देखा जाएगा कि क्या वह लाइसेंस के तहत था और क्या शर्तों का उल्लंघन हुआ है। यदि गैर-कानूनी पाया गया, तो आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।”
वीडियो में मतीन पटेल अपनी काली एसयूवी में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ डांस करते हैं। यह सीन फिल्म ‘धुरंधर’ के उस दृश्य से प्रेरित है जिसमें रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) बलूचिस्तान में हथियार डीलर के कैंप में प्रवेश करता है और जोरदार स्वागत किया जाता है।
सामाजिक मंचों पर वायरल वीडियो के बाद से स्थानीय लोगों और अधिकारियों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस फिलहाल यह भी जांच रही है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा तो नहीं थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलबुर्गी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है और मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।