फरीदाबाद। काबड़ी रोड रेलवे ओवरब्रिज के समीप शक्ति नगर इलाके में बुधवार तड़के करीब पांच बजे वेस्ट सामग्री के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से आसपास के लगभग 100 मकानों में दरारें पड़ गईं, जबकि पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तड़के गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल गोदाम मालिक और दमकल विभाग को सूचना दी। आग तेजी से फैलने के कारण हालात गंभीर हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि आग बुझाने के बाद भी गोदाम में रखे वेस्ट सामान से लगातार धुआं निकलता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि गोदाम में आग से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण और फायर फाइटिंग सिस्टम मौजूद नहीं थे, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
शक्ति नगर निवासी रमेश और कृष्ण ने बताया कि वे बुधवार तड़के उठे तो पूरे इलाके में धुआं फैला हुआ था। बाहर निकलने पर देखा कि वेस्ट गोदाम में आग लगी हुई है और आसपास के घरों पर भी इसका असर पड़ा है।
जिला दमकल अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पूरी टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, हालांकि वेस्ट सामग्री के कारण अभी भी कुछ स्थानों से धुआं उठ रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।