अबोहर । शहर के पंजपीर रोड स्थित एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल में एक युवक और युवती साथ आए थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने युवती की तेजधार हथियार से हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक युवती का शव होटल के कमरे में मिला, जिस पर तेजधार हथियार से किए गए हमले के निशान पाए गए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी सामने लाई जा सके।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।