चिंतपूर्णी, विकास शर्मा-:चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत बेहड़ भटेड में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान कर्म चंद पुत्र स्वर्गीय संत राम, निवासी उझे, तहसील जसवां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। वह डाक विभाग से सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्म चंद अपनी ईओन कार (नंबर HP 72A-3097) में जोड़बड़ से दौलतपुर चौक मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।वीरवार तड़के घटना की सूचना चिंतपूर्णी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड के कर्मी मौके पर पहुंचे। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन और शव को खाई से बाहर निकाला गया।परिजनों के अनुसार कर्म चंद बुधवार दोपहर अपने एक रिश्तेदार को अंब छोड़ने गए थे। आशंका जताई जा रही है कि हादसा उसी दौरान हुआ, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना बुधवार दोपहर हुई या देर रात।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इलाके में शोक की लहर है।