रोहतक। जिले के अंतिम छोर पर स्थित गांव पोलंगी में शुक्रवार को दो लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने एक मकान में घुसकर तेजधार हथियारों से वार कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों की उम्र करीब 55 और 50 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे सूचना मिली कि गांव के बाहर बने एक मकान में दो शव क्षत-विक्षप्त हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि जिस मकान में शव मिले, वह गांव से बाहर स्थित है। वहीं, पड़ोसी भी इस मामले में कुछ बोलने से बच रहे हैं और मृतकों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।