अंबाला । सेक्टर-9 थाना क्षेत्र से दो नाबालिग सहेलियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां 11 फरवरी की सुबह घर से बिना बताए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार दुर्गा नगर में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति ने सेक्टर-9 थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले का रहने वाला है और करीब एक साल से परिवार के साथ अंबाला में रह रहा है। उसकी नाबालिग बेटी की दोस्ती पड़ोस में रहने वाले एक परिवार की नाबालिग लड़की से थी।
शिकायत में बताया गया कि 11 फरवरी को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दोनों सहेलियां अपने-अपने घरों से निकली थीं, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों नाबालिगों के पास मोबाइल फोन भी नहीं है, जिससे संपर्क करना संभव नहीं हो पाया। परिवारों का कहना है कि फिलहाल उन्हें किसी पर सीधा संदेह नहीं है, लेकिन बच्चियों के अचानक गायब होने से वे बेहद परेशान और चिंतित हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण की आशंका के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य माध्यमों से बच्चियों की तलाश में जुटी हुई है।