रामपुर। उपमंडल रामपुर के नरेन गांव में अचानक लगी आग ने दो मंजिला कच्चे मकान में तबाही मचा दी। स्थानीय निवासी लछु राम के घर में लगी आग ने देखते ही देखते आठ कमरों को पूरी तरह जला दिया। हालांकि, इस घटना में किसी के जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रभावित परिवार का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मकान में लछु राम अपने तीन बेटों , रविंद्र कुमार, शिशुपाल और केवल राम के साथ रह रहे थे। दोपहर के समय अचानक आग की लपटें फैल गईं और परिवार को घर के अंदर रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, जिससे आग अन्य आस-पड़ोस के मकानों तक नहीं पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवार को ढांढस बंधाया। प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर 12,000 रुपये की नकद राशि, राशन और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। परिवार को फिलहाल गांव में उनके रिश्तेदारों के यहां अस्थायी रूप से ठहराया गया है।
एसडीएम रामपुर ने राजस्व विभाग को प्रभावित परिवार के नुकसान का विस्तृत ब्यौरा तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उन्हें सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिया जा सके। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस तथा प्रशासन इसकी बारीकी से जांच कर रहे हैं।