अंबाला। अंबाला में 25 वर्षीय निकिता की मौत के मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल विज के हस्तक्षेप के बाद बड़ा कदम उठाया गया है। मंत्री अनिल विज ने पीड़ित परिवार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि एक हेड कांस्टेबल ने कथित रूप से शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी, जिससे निकिता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
निकिता के परिजनों ने मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर न्याय की मांग की और आरोप लगाया कि आरोपी पुलिसकर्मी होने के कारण मामले में कमजोर धाराएं लगाई गईं। परिजनों की बात सुनने के बाद अनिल विज ने तुरंत एसपी अंबाला से फोन पर बातचीत की और पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी।
मंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और अब आरोपी हेड कांस्टेबल पर गैर-इरादतन हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है। एसपी ने भी परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अब इस केस में धारा मजबूत होने के बाद आरोपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई तेज होने की संभावना है।