पलवल, 15 फरवरी-:पलवल शहर में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने रविवार को हुड्डा सेक्टर-2 मार्केट से दो एंटी स्मॉग गन और दो ट्रैक्टरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 97.22 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए इन उपकरणों का उद्देश्य शहर में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण पाना और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर खेल राज्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार आमजन के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है।उन्होंने बताया कि एंटी स्मॉग गन के माध्यम से शहर में नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा, जिससे धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल शहर के लोगों की यह लंबे समय से मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों का हिस्सा बताते हुए कहा कि शहर के विकास को निरंतर गति दी जा रही है।उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार लाइन पार क्षेत्र में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि एंटी स्मॉग गन के संचालन से शहर में धूल प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा और लोगों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण मिल पाएगा।