राहुल चावला, धर्मशाला-:प्रदेश के चार जिलों में परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जनवरी माह के 31 दिनों के भीतर कुल 837 चालान काटे गए और 31 लाख 44 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 13 फरवरी तक 300 से अधिक चालान कर करीब पौने छह लाख रुपये का जुर्माना किया जा चुका है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नियमों की बार-बार अवहेलना करने वालों के खिलाफ दोगुनी जुर्माना राशि के साथ वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
बिना टैक्स वाले बाहरी वाहन भी रडार पर, दोहराई गई अवहेलना पर सख्त कार्रवाई
आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड की टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकतर चालान वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण जांच (पीयूसी) और बीमा दस्तावेजों के अभाव में किए गए हैं। इसके साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले उन वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने निर्धारित टैक्स जमा नहीं किया है। विभाग का स्पष्ट कहना है कि टैक्स चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागीय जानकारी के अनुसार कुछ गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने का भी प्रावधान है। यदि कोई चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो जुर्माना राशि दोगुनी करने के साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई अमल में लाई जाती है।वाहनों में अवैध अल्टरनेशन के मामले भी सामने आ रहे हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन में बिना अनुमति बदलाव करने पर 5 हजार रुपये तक का चालान किया जा सकता है। कई चारपहिया वाहनों में निर्धारित मानकों से बड़े टायर और अतिरिक्त लाइटें लगाई जा रही हैं, जो नियमों के विरुद्ध हैं। टायर स्पेसिफिकेशन और लाइटिंग मानकों की अनदेखी पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।आरटीओ फ्लाइंग धर्मशाला के अधिकारी असीम सूद ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।