ऊना, राकेश-:हरोली बस स्टैंड में खड़ी एक सरकारी बस से डीजल चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस कप्तान सचिन हीरामेठ के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक मोहन रावत के मार्गदर्शन में की गई।
अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना
पुलिस के अनुसार 14 तारीख की रात को अज्ञात व्यक्ति ने बस स्टैंड में खड़ी सरकारी बस से करीब 80 लीटर डीजल चुरा लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हरोली की टीम ने जांच तेज की। इसी दौरान उप निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम पालकवाह चौक पर नाकाबंदी कर रही थी। तभी एक मुखबिर की सूचना पर स्कूटर सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास एक कैनी में लगभग 40 लीटर डीजल बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बस स्टैंड से डीजल चोरी किया था। आरोपी हरोली विधानसभा क्षेत्र का स्थायी निवासी बताया जा रहा है और प्रारंभिक जांच में उसके नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।थाना प्रभारी सुनील संख्यान ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में चोरी की वारदातों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।