देहरादून। उत्तराखंड में न्यायिक परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को देहरादून जिला न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जिला जज के कार्यालय के ईमेल पर भेजे गए संदेश में कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कारणों से पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया। अदालत में मौजूद न्यायाधीशों, वकीलों और वादकारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर नियंत्रण में ले लिया।
भारी पुलिस बल तैनात, डॉग स्क्वायड ने की तलाशी
एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। कोर्ट परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की गई।
पाकिस्तानी संगठन की भूमिका पर शक
प्रारंभिक जांच में ईमेल के सोर्स और भाषा को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन का हाथ हो सकता है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि धमकी जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर भेजी गई थी। हालांकि, अब तक की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत भी हो सकती है।
प्रदेशभर में बढ़ाई गई सतर्कता
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल की अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। सोमवार को नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को लेकर भी धमकी सामने आई थी। पुलिस अब इन सभी घटनाओं की कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।