जींद। जिले के गांव थुआ में मकान के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के परिवारों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़े में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव थुआ निवासी संदीप ने बताया कि उसके पिता की दो शादियां हुई थीं। इसी कारण परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। संदीप का कहना है कि उसके सौतेले भाई कृष्ण के बेटे अंकित के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए पंचायत भी हुई थी।
पंचायत ने फैसला सुनाते हुए मकान का आधा हिस्सा अंकित और आधा हिस्सा संदीप को देने की बात कही थी। लेकिन आरोप है कि अंकित ने पंचायत के फैसले को मानने से इनकार कर दिया और मकान पर कब्जा कर लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ता चला गया।
शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान संदीप ने अपने रिश्तेदारों खेड़ा चौपटा निवासी इंद्र और उसके बेटे मोनू को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद संदीप और उसके साथियों ने अंकित पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। नगूरा चौकी के एएसआई जयबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अंकित की शिकायत पर संदीप, इंद्र और मोनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।