पलवल। केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पोलैंड के एक युवक और आगरा निवासी टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि पोलैंड की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आगरा के बसई गांव निवासी नफीस दिल्ली में टैक्सी चालक के रूप में काम करता था। बुधवार सुबह उसे गुरुग्राम स्थित होटल हयात से ताजमहल के लिए बुकिंग मिली थी। इसके बाद वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर होटल पहुंचा और वहां से पोलैंड निवासी 29 वर्षीय मज्जीक और 27 वर्षीय अग्नेशका को लेकर आगरा के लिए रवाना हुआ।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे जब टैक्सी केएमपी एक्सप्रेसवे पर सदर थाना क्षेत्र में पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में जा घुसी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पोलैंड निवासी मज्जीक और चालक नफीस को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अग्नेशका को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक नफीस के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात डंपर चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।