पालमपुर,राहुल-:राज्य स्तरीय होली महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने के इच्छुक कलाकारों के लिए 24 फरवरी 2026 को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं होली मेला समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव ने बताया कि स्थानीय और बाहरी कलाकार चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
सुबह 10 बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
ऑडिशन प्रातः 10 बजे से सहायक लोक संपर्क अधिकारी (एपीआरओ) कार्यालय, पालमपुर में शुरू होंगे। कलाकारों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी प्रस्तुति देने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन ने इस बार महोत्सव की सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंच से किसी भी प्रकार की अश्लील प्रस्तुति या नशे को बढ़ावा देने वाली सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाली प्रस्तुतियों को प्राथमिकता दी जाएगी।गौरतलब है कि पालमपुर का ऐतिहासिक होली महोत्सव 1 मार्च से 4 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों और कलाकारों से सहयोग की अपील करते हुए इस उत्सव को गरिमापूर्ण और यादगार बनाने का आह्वान किया है।