वॉशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव को लेकर एक बार फिर नया और चौंकाने वाला दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कुल 11 महंगे लड़ाकू विमान नष्ट हुए थे। इससे पहले वह 6 से 7 विमानों के गिरने की बात कह चुके थे, लेकिन अब उन्होंने संख्या बढ़ाकर 11 बताई है।
ट्रंप के अनुसार उस समय स्थिति बेहद गंभीर थी और संघर्ष तेजी से बढ़ रहा था। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की कड़ी कूटनीतिक रणनीति और आर्थिक दबाव के चलते दोनों देशों को संघर्ष विराम पर सहमत होना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप न किया जाता तो हालात और बिगड़ सकते थे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से फोन पर बातचीत की थी। उनके मुताबिक उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि यदि तनाव जारी रहा तो दोनों देशों पर 200 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है और किसी भी प्रकार की व्यापारिक समझौता प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। ट्रंप ने दावा किया कि इसी आर्थिक दबाव ने युद्धविराम की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाई।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अमेरिका की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति बनाए रखना है। ट्रंप के बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि भारत या पाकिस्तान की ओर से उनके ताजा दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ट्रंप पहले भी कई बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव कम कराने में अहम भूमिका निभाई। उनका यह नया बयान एक बार फिर वैश्विक कूटनीति में बहस का विषय बन गया है।