लुधियाना। लुधियाना-फिरोज़पुर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। बद्दोवाल के पास चुंगी क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में कार अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक से टकराई और फिर कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन छात्र और बाइक चालक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक अपने कॉलेज में लेक्चर अटेंड करने जा रहे थे। हाईवे पर कार तेज गति से चल रही थी कि अचानक उसका एक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सामने से आ रही मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर के बाद कार सड़क पर कई बार पलटी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना की आवाज दूर तक सुनाई दी। बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि कार में सवार छात्र भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घायल युवकों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।