चंडीगढ़। हरियाणा में 18 फरवरी को हुई बारिश के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में बढ़ी नमी के चलते प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते रात के समय ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है।
शुक्रवार सुबह हिसार समेत कई जिलों में हल्की धुंध देखी गई। मौसम में आए बदलाव का असर यह रहा कि प्रदेश के छह शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। सोनीपत में सबसे कम 8.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 9.2 डिग्री, जींद में 9.3 डिग्री, गुरुग्राम में 9.4 डिग्री, पानीपत में 9.5 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, दिन के समय तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 फरवरी को औसतन अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस अंबाला में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक दिन के तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।