पानीपत। इसराना क्षेत्र के मांडी निवासी 22 वर्षीय नरेश उर्फ नंदू की कथित प्रेम प्रसंग के विवाद में पीट-पीटकर दिल्ली के टिकरी गांव में हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजन नरेश को तुरंत सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में दिल्ली के मुंडका थाना में परिजन मोहित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में नाराजगी बनी हुई है।
मृतक के भाई जीतेंद्र ने बताया कि नरेश पिछले दो वर्षों से टिकरी गांव दिल्ली में अपने ताऊ के लड़कों सोनू और मोहित की वेंडर दुकान पर काम सीख रहा था। इसी दौरान उसकी वहां एक लड़की से दोस्ती हो गई। छह महीने पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ कि युवक और युवती एक-दूसरे से न तो मिलेंगे और न ही बातचीत करेंगे।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, शाम करीब छह बजे नरेश को लड़के के परिवार के लोग जबरदस्ती अपने घर ले गए। वहां पुरानी रंजिश के चलते करीब 10-12 लोगों ने नरेश की बेरहमी से पिटाई की। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नरेश दो भाईयों और एक बहन में बीच का था। उनके पिता महेंद्र फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं और माता कौशल्या गृहिणी हैं। बड़ी बहन अभी पढ़ाई कर रही है और बड़ा भाई जीतेंद्र प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। नरेश ने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और काम सीखने के लिए दिल्ली गया था।
परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दिल्ली एसपी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिकायत करेंगे।