जबलपुर। सिहोरा तहसील के आजाद चौक में गुरुवार रात करीब नौ बजे दो पक्षों के बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। घटना के समय दुर्गा मंदिर में आरती हो रही थी, जबकि इसके सामने स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ी जा रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के बाहर लगी रेलिंग टूटने पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए। कुछ युवकों ने दुर्गा मंदिर की ग्रिल को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया, जिसे देखकर हिंदू समुदाय के युवक भड़क गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। विवाद के दौरान भगदड़ की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
मौके पर पुलिस और प्रशासन तुरंत पहुंचे। उपद्रव को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और भीड़ को तितर-बितर किया गया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विवाद का कारण मंदिर परिसर में गाने बजाने को लेकर आपसी कहासुनी था। प्रशासन ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सिहोरा क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है और यहां पहले भी दोनों समुदायों के बीच टकराव की घटनाएं हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और रात को घरों में रहने की अपील की है। शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने समुदायों से शांति और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया है।