दिल्ली । मजबूत वैश्विक रुझानों के चलते राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 10 ग्राम सोने की कीमत 850 रुपए बढ़कर 1,59,500 रुपए पर पहुँच गई। वहीं, चांदी का रेट 2,64,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहा। यह जानकारी बाजार सूत्रों ने दी।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत गुरुवार को 1,58,650 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) थी। शुक्रवार को चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 80.5 डॉलर प्रति औंस पर 2.55 प्रतिशत बढ़ गई। कोटक सिक्योरिटीज के जिंस शोध विभाग के सहायक उपाध्यक्ष कायनात चेनवाला ने बताया कि “सोना 5,020 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुँच गया है, जबकि अमेरिका-ईरान तनाव जैसी वैश्विक चिंताओं के कारण चांदी भी 81 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई है। निवेशक प्रमुख आर्थिक आंकड़ों और मुद्रास्फीति के संकेतों को देखते हुए सतर्क हैं।”
लेमन मार्केट्स के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में तेज अस्थिरता के बाद, निवेशक गिरावट का फायदा उठाकर सोने और चांदी की खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी ब्याज दरों की संभावनाएँ वैश्विक बाजार की धारणा को प्रभावित कर रही हैं।