जालंधर | जालंधर के भगत सिंह चौक के पास खंडहरनुमा इमारत में रखा 105 साल पुराना ट्रैक्टर हाल ही में 1.25 करोड़ रुपये में बिक गया। यह दुर्लभ विंटेज ट्रैक्टर अब कैलिफोर्निया, अमेरिका के एक म्यूजियम में प्रदर्शित किया जाएगा।
इमारत के पास दुकान के मालिक पुनीत बेदी ने बताया कि स्थानीय लोग इसे केवल कबाड़ समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, जबकि यह ट्रैक्टर विंटेज वाहनों की दुनिया में एक दुर्लभ और अनमोल नमूना है। शुरू में मुंबई की एक ट्रैक्टर कंपनी ने इसके लिए 2 लाख से 28 लाख रुपये तक की बोली लगाई थी, लेकिन अंततः एक विदेशी कंपनी ने इसे 1.25 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
यह ट्रैक्टर जर्मनी में 1921 में बना Lanz Bulldog HL-12 मॉडल है। इसमें सिंगल सिलेंडर हॉट-बलब इंजन लगा है, जिसे चालू करने से पहले गर्म करना पड़ता था। इस तकनीक के कारण यह कम गति पर भी अधिक ताकत देता था। अपने समय में इसका उपयोग खेतों में हल चलाने, पानी के पंप और चक्की चलाने के लिए किया जाता था।
अब यह ऐतिहासिक ट्रैक्टर विदेशी म्यूजियम में विंटेज वाहनों की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ वाहन प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।