कैथल | जिले में कृषि-ग्रेड यूरिया की कथित अवैध तस्करी के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांसरा क्षेत्र के पास से 550 बोरियों से लदा एक ट्रक पकड़ लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बरामद की गई यूरिया खाद किसानों के लिए निर्धारित बताई जा रही है, जिसे नियमों के विरुद्ध तरीके से ले जाया जा रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त की गई यूरिया कृभको (कृषक भारती को-ऑपरेटिव लिमिटेड) द्वारा निर्मित है। यह खेप कैथल जिले से लाई जा रही थी। जांच में संकेत मिले हैं कि खाद का परिवहन निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किए बिना किया जा रहा था।
कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की। परिवहन से जुड़े कागजातों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उप निदेशक कृषि आदित्य प्रताप डबास ने कहा कि जिले में यूरिया की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि उन्हें उर्वरकों की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।