चिंतपूर्णी, विकास शर्मा-:ऊना जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने आए एक श्रद्धालु के लापता होने का मामला सामने आया है। चार दिन बीत जाने के बावजूद व्यक्ति का कोई अता-पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पठानकोट निवासी अश्वनी कुमार 17 फरवरी 2026 को अपने परिवार के साथ चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद परिवार वापस लौट रहा था। शाम करीब साढ़े सात बजे वे रास्ते में एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान अश्वनी कुमार बिना किसी को बताए वहां से कहीं चले गए और फिर वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की गई, मगर तत्काल रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों को अगले दिन आने के लिए कहा गया। बाद में मिली जानकारी के अनुसार उनकी अंतिम लोकेशन मुबारकपुर क्षेत्र में लगे कैमरों में देखी गई है।लापता व्यक्ति के बेटे अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता पिछले 20 से 22 वर्षों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं और पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल चुके हैं।पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के थानों और चौकियों को सूचना भेज दी है। संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अश्वनी कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।