हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर में उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है। पीओ सेल की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत द्वारा पहले ही उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजेश कुमार (47), निवासी गांव दसवां, डाकघर फकलोह, तहसील ज्वालाजी, जिला कांगड़ा को नादौन कोर्ट ने 16 जून 2025 को धारा 138 एनआई एक्ट के तहत उद्घोषित अपराधी करार दिया था। अदालत में निर्धारित तिथियों पर पेश न होने के चलते उसे प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित किया गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।विशेष अभियान के दौरान पीओ सेल को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी वानू दा खुह क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नादौन में करवाया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए बलबीर सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने बताया कि जिले में फरार उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं और आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि न्यायालय के आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।