नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को मानहानि मामले की सुनवाई के सिलसिले में महाराष्ट्र के भिवंडी कोर्ट के लिए रवाना हुए। इस दौरान मुंबई के मुलुंड क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा है। आरोप है कि राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर महात्मा गांधी की हत्या से संबंधित टिप्पणी की थी। इस बयान को लेकर आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि इस कथित बयान से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है।
शनिवार को जमानत से संबंधित सुनवाई के लिए भिवंडी कोर्ट जाते समय मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए।
भाजपा का यह विरोध हाल ही में दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए घटनाक्रम से भी जोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवा कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने समिट स्थल पर नारेबाजी की थी, जिसके विरोध में भाजपा ने विभिन्न शहरों में प्रदर्शन किए।
फिलहाल मानहानि मामले की सुनवाई न्यायालय में जारी है और अगली कार्रवाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार होगी।