रोहतक I नशा तस्करी के एक बड़े मामले में स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 10 लाख रुपये के इनामी आरोपी मनोज उर्फ भुटेली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला है और करीब दो साल नौ महीने पहले रोहतक में 8 लाख रुपये की चरस सप्लाई करने के मामले में वांछित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मई 2023 में सूचना मिली थी कि बिहार से एक व्यक्ति जींद के गांव कलिंगा, हाल निवासी करतारपुरा के राजबीर सिंह को भारी मात्रा में नशीला पदार्थ देने पुराना बस अड्डे के पास पहुंचेगा। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश दी और दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें बिहार के गोपालगंज जिले के गांव बगहा निवासी धर्मेंद्र शामिल था।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब आरोपी के पीठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 8 किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत उस समय करीब 8 लाख रुपये आंकी गई थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप मनोज उर्फ भुटेली ने बिहार से भेजी थी। मामले में राजबीर और धर्मेंद्र को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य सप्लायर मनोज फरार चल रहा था।
अब स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने एसटीएफ भौंडसी की सहायता से उसे गुरुग्राम से काबू कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई। जांच एजेंसी का कहना था कि आरोपी से वह मोबाइल फोन बरामद करना है, जिसके जरिए वह अन्य आरोपियों के संपर्क में था। हालांकि दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने रिमांड देने से इनकार कर दिया।
पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।