अंबाला I अंबाला कैंट स्थित सिया वाटिका पैलेस में देर रात एक शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि 7-8 युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में अंबाला सिटी के दुर्गा नगर निवासी सोनू (22) की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भूपिंदर (20) निवासी दुर्गा नगर और जसराज उर्फ जस्सा (19) के रूप में हुई है। जसराज को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोनू और भूपिंदर अपने दोस्त जसराज के साथ समारोह में शामिल होने आए थे। पार्किंग क्षेत्र में जसराज का कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान हमलावरों ने तीनों पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। तीनों को एक-एक चाकू लगा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।