चिंतपूर्णी, विकास -:शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार शाम एक बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग अपने परिवार के साथ माता रानी के दर्शन करने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दर्शन के दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे वहीं गिर पड़े। मौके पर ड्यूटी पर तैनात हवलदार होमगार्ड जनक राज ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उन्हें सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। उनकी कोशिशों से कुछ ही देर में श्रद्धालु को होश आ गया।एहतियात के तौर पर उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई। बाद में परिजन बेहतर जांच और इलाज के लिए उन्हें फोर्टिस हॉस्पिटल चंडीगढ़ ले गए।परिवारजनों ने होमगार्ड जवान की त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी उनकी सतर्कता को काबिले-तारीफ बताया।