झज्जर। रोहतक-रेवाड़ी नेशनल हाईवे-71ए पर सुर्खपुर मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के गांव धामलावास निवासी मोनू आईटीबीपी में तैनात हैं और इन दिनों रोहतक के सुनारिया में प्रशिक्षण ले रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह अपनी पत्नी पूनम (33) के साथ कार से अपने पैतृक गांव धामलावास जा रहे थे।
जब उनकी कार सुर्खपुर मोड़ के पास पहुंची तो सामने से आए एक अज्ञात कंटेनर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। पूनम अपने पीछे नौ साल का बेटा छोड़ गई हैं।
पुलिस ने मृतका के पति मोनू के बयान के आधार पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।