हिसार | हिसार जिले के गांव खाबड़ा कलां के पास शनिवार दोपहर फुटबॉल खिलाड़ियों से भरी एक टाटा मैजिक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन का टायर अचानक पंक्चर हो गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में कई खिलाड़ी घायल हो गए, जिनमें से कुछ को गंभीर हालत में फतेहाबाद रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियान की फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ी गांव हरिपुरा में आयोजित एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए जा रहे थे। सभी खिलाड़ी टाटा मैजिक गाड़ी में सवार होकर रवाना हुए थे। जब वाहन गांव खाबड़ा कलां के पास पहुंचा, तभी अचानक टायर पंक्चर हो गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। देखते ही देखते गाड़ी सड़क किनारे खेत में पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे खिलाड़ियों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए भट्टू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार खिलाड़ी विजय, बिल्लू, सुनील, दिनेश और क्षतिज को बेहतर इलाज के लिए फतेहाबाद रेफर किया गया है। इनमें से एक खिलाड़ी के पैर में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है। वहीं पंकज, अमन, विकास, हिमांशु, ज्ञानेंद्र, मुकेश, रोहतास, कुलदीप और अनुज को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है।