पाकिस्तान | पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ अपने देश के संबंधों को मजबूत बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस समय बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और वहां का नेतृत्व प्रभावी तरीके से काम कर रहा है।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के साथ उनके संबंध काफी अच्छे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ऐसे नेता हैं जिनका वह काफी सम्मान करते हैं। ट्रंप के मुताबिक पाकिस्तान मौजूदा समय में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दरअसल ट्रंप से उस स्थिति को लेकर सवाल किया गया था, जिसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है और पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की बात सामने आई है। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या अमेरिका इस संघर्ष को रोकने के लिए हस्तक्षेप करेगा।
इस बीच अमेरिका के विदेश विभाग की राजनीतिक मामलों की उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान की विदेश मंत्री आमना बलूच से बातचीत की है। बातचीत के दौरान हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
एलिसन हुकर ने कहा कि अमेरिका इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और तालिबान के हमलों के खिलाफ आत्मरक्षा करने के पाकिस्तान के अधिकार का समर्थन करता है। उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।