शिमला, संजू-:दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर हिमाचल भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इस घटना को राष्ट्रविरोधी करार देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने प्रेस बयान जारी कर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश विधानसभा को यह कहकर जानकारी दी थी कि वह आरडीजी से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से मुलाकात करने दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन वहां एआई समिट के दौरान ऐसी घटनाएं हुईं जिनसे देश की छवि प्रभावित हुई। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों को संरक्षण दिया गया और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया गया।भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे किन परिस्थितियों में निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यपाल के माध्यम से इस पूरे प्रकरण की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की है।हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक हलकों में इस बयान के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।