भिवानी | भिवानी के धिराणा चौक पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सवारियों से भरा टाटा एसीई (छोटा हाथी) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 अन्य लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को भिवानी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।