रेवाड़ी । शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र में रविवार सुबह कपड़ों और जूतों के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों व लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन स्थित एक शोरूम के पीछे कपड़ों और जूतों का गोदाम बनाया गया था। रविवार होने के कारण गोदाम बंद था। सुबह करीब 10 बजे राहगीरों ने गोदाम की पहली मंजिल से धुआं उठता देखा, जिसके बाद शोरूम मालिक को सूचना दी गई। इसके तुरंत बाद दमकल विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।