सरकीधार में वृद्ध बौद्ध साध्वी की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
मंडी, धर्मवीर-: बल्ह थाना क्षेत्र के सरकीधार गांव में 78 वर्षीय बौद्ध साध्वी ओजे छूकी मृत अवस्था में पाई गईं। उनका शव उनके निवास स्थान (गुफा) के समीप मिला, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है। शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने फोटोग्राफी कर आवश्यक नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।पुलिस अधीक्षक मंडी, विनोद कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।