मधुबनी | बिहार के मधुबनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा चौक के पास स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो दरभंगा की ओर से आ रही थी। खोपा चौक के पास वाहन अचानक डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गया, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में तीन की पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के कनिकला निवासी संजीव कुमार, रौडीखेड़ी निवासी विकास और कपिल के रूप में हुई है, जबकि चौथे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि संजीव अपने एक दोस्त से स्कॉर्पियो लेकर घूमने निकला था।
स्कॉर्पियो का नंबर HR07AG-3633 बताया गया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने झंझारपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी लोग कहां जा रहे थे। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वे नॉर्थ-ईस्ट की ओर यात्रा पर निकले थे। मृतक संजीव के साले विक्रम कुमार (निवासी झांसा, कुरुक्षेत्र) ने फोन पर बताया कि पिछले तीन दिनों से संजीव से संपर्क नहीं हो पाया था और उन्हें इस यात्रा की जानकारी भी नहीं थी।
पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया है। मालिक ने बताया कि संजीव ने कुछ दिनों के लिए गाड़ी मांगी थी, लेकिन उसने यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।