फिरोजपुर । होली के दिन पंजाब के फिरोजपुर कैंट क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां गली में खेल रहे 9 वर्षीय बच्चे को अचानक गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजन घबराहट में बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार फिरोजपुर कैंट की ग्वाल टोली इलाके में बच्चा अन्य बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। इसी दौरान वह एक स्कूटर के पास खड़ा था कि अचानक उसकी पीठ के निचले हिस्से में गोली लग गई। गोली लगते ही बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को तुरंत फिरोजपुर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे आगे रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार ने बच्चे को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल परिवार को यह पता नहीं चल पाया है कि गोली कहां से चली और बच्चे को कैसे लगी। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किस दिशा से चली और इसके पीछे क्या कारण है।