धर्मशाला, राहुल-:जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से धौलाधार क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। इस लीग में कुल 12 टीमें भाग लेंगी और क्रिकेट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। वीरवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में गायक कुमार साहिल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिटटे (नशे) की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जो युवाओं और उनके परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। ऐसे में समाज के हर वर्ग को इस बुराई के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी एंटी चिटटा मुहिम शुरू की है और प्रदेश के कलाकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं।
कुमार साहिल ने बताया कि धौलाधार क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। लीग में भाग लेने वाली 12 टीमों को चार ग्रुपों में बांटा जाएगा और प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। हर मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरिज के खिताब से सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखा जा सकता है। यदि समाज के सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो आने वाले समय में नशे के खिलाफ इस मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित व उज्ज्वल बन सकेगा।