हिसार | शहर के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षिका ने अपने ही स्कूल में तैनात एक जेबीटी शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उस पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया और पुलिस ने भी उचित कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता के अनुसार वह शहर के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में अध्यापन कार्य करती है। छुट्टी के बाद वह अपना पर्स लेने के लिए स्कूल कार्यालय के पास स्थित कमरे में गई थी। इसी दौरान वहां पहुंचे एक शिक्षक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की।
महिला शिक्षिका ने बताया कि उसने जोर-जोर से शोर मचाया। उसी समय उसका पति उसे लेने के लिए स्कूल पहुंच गया। जब उसका पति पीछे के दरवाजे से कमरे में दाखिल हुआ तो आरोपी शिक्षक घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और सदर थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी शिक्षक, उसकी पत्नी, शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी और अन्य लोग उसके घर पहुंचे और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया। महिला का कहना है कि दबाव में उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए गए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने दोबारा शिकायत दी तो पुलिस ने भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं की और उसे चौकी बुलाकर समझौता करने के लिए कहा। महिला का कहना है कि आरोपी शिक्षक अब स्कूल में सहकर्मियों के बीच उसके बारे में झूठी बातें फैला रहा है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
महिला शिक्षिका ने पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक से मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं आरोपित शिक्षक का कहना है कि उसने शिकायतकर्ता और उसके पति के खिलाफ मानहानि की शिकायत दी थी और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ था, दबाव में नहीं।