पंचकूला। हरियाणा में दीनदयाल आवास योजना के तहत आवासीय विकास को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। शहरी निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016 से अब तक इस योजना के अंतर्गत 760 लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। इन लाइसेंसों के माध्यम से प्रदेश में 7618.9 एकड़ से अधिक भूमि पर आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल आवास योजना का उद्देश्य बढ़ती शहरी आबादी को ध्यान में रखते हुए मध्यम वर्ग और आम लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार योजनाबद्ध तरीके से शहरी विकास को आगे बढ़ा रही है, ताकि लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय वातावरण मिल सके।
विपुल गोयल ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के तहत भी प्रदेश में सेक्टरों का व्यवस्थित विकास किया जा रहा है। वर्तमान में 56 सेक्टरों में करीब 5529.20 एकड़ क्षेत्र में विकास कार्य जारी हैं।
वहीं लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने सदन में बताया कि प्रदेश में सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नूंह से पलवल वाया मंडकोला तक लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क के विकास पर भी काम किया जा रहा है।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने जानकारी दी कि पिहोवा के कंथला गांव में नए ओवरब्रिज के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना पर करीब 8.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है। यातायात को ध्यान में रखते हुए पुल की चौड़ाई 7.5 मीटर तक बढ़ाई जाएगी।
इसके अलावा मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि प्रदेश सरकार गांवों के पारंपरिक तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए भी कार्य कर रही है। झज्जर जिले में कई तालाबों की सफाई और जीर्णोद्धार का काम योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। गांव भूरावास, तलाव, छुछकवास और खेड़ी खुमार के तालाबों का कार्य पूरा किया जा चुका है।