नई दिल्ली | आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरों के अनुसार अब 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं।
सिर्फ घरेलू गैस ही नहीं, बल्कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी महंगा हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर न केवल आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, बल्कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत भी बढ़ने की संभावना है।
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस के दाम बढ़ने से घरों का मासिक बजट प्रभावित होने की आशंका है। खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित हो सकती है।
इस बीच मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं। सरकार ने आपात शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए देश की सभी तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बाजार में गैस की कमी न हो और आपूर्ति सुचारु बनी रहे।