Summer Express, जींद | हरियाणा के जींद जिले में एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिज्जा लेने दुकान पर पहुंची युवती को दुकान संचालक और उसके साथी ने जबरन अंदर बने केबिन में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शहर में एक स्कूल के सामने उनका शिक्षण संस्थान है, जहां वह अपनी बेटी के साथ रोजाना आती-जाती हैं। शिकायत के अनुसार सुंदरपुरा निवासी सुमित और उसका एक साथी अक्सर उनकी बेटी का रास्ता रोककर उससे जबरन बात करने की कोशिश करते थे और उसे धमकाते भी थे।
परिजनों के मुताबिक ,युवती संस्थान से पिज्जा लेने के लिए सुमित की दुकान पर गई थी। आरोप है कि वहां सुमित और उसके साथी ने युवती को पकड़ लिया। इसके बाद सुमित उसे जबरदस्ती दुकान के अंदर बने केबिन में ले गया, जबकि उसका साथी मुख्य गेट पर खड़ा होकर बाहर से निगरानी करता रहा।
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने युवती का गला दबाकर उसे जान से मारने की भी कोशिश की।
परिवार का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी को कई बार समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पुलिस ने ओम पिज्जा के संचालक सुमित और उसके साथी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।