Summer Express , लुधियाना | शहर के फोकल प्वाइंट फेज-5 इलाके में स्थित एक फैक्टरी में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। बदमाशों ने बी.डी. साइकिल इंडस्ट्री को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये की कीमत की 40 जिंक सिल्लियां लेकर फरार हो गए। पूरी घटना फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार फैक्टरी मालिक राकेश गुप्ता और पंकज गुप्ता की सेंट्रल टूल रूम रोड पर थ्रेड रोल बनाने की यूनिट है। बदमाश सफेद रंग की कार में आए और पहले साथ वाली बंद पड़ी फैक्टरी का ताला तोड़कर गाड़ी को अंदर खड़ा कर दिया। इसके बाद दीवार फांदकर वे उनकी फैक्टरी में दाखिल हुए और अंदर रखे लोहे के सरिए से गेट के दो ताले तोड़कर स्टोर तक पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो बदमाश स्टोर से जिंक की सिल्लियां एक-एक कर कार तक ले जाते रहे, जबकि उनके अन्य साथी बाहर गाड़ी के पास खड़े रहे। इसी दौरान फैक्टरी के गेट पर तैनात चौकीदार को अंदर से आवाजें सुनाई दीं तो उसने सीटी बजाकर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक बदमाश कार में माल लादकर फरार हो चुके थे। फैक्टरी मालिकों का कहना है कि इससे पहले भी जनवरी में उनकी यूनिट में इसी तरह चोरी की घटना हो चुकी है, जिसमें करीब 4 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था, लेकिन पुलिस अब तक किसी को पकड़ नहीं पाई।
मालिकों का यह भी कहना है कि पुलिस के मौके से जाने के बाद बदमाश दोबारा बाइक पर लौटे और साथ वाली फैक्टरी में छूटे चार जिंक के टुकड़े लेने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने उन्हें बरामद कर फैक्टरी में वापस रखवा दिया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से फोकल प्वाइंट के उद्योगपतियों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने, रात के समय पीसीआर पेट्रोलिंग और नाकाबंदी मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने उद्योगपतियों को बंद पड़ी फैक्ट्रियों में चौकीदार रखने और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी है।