Summer Express, करनाल | हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर अनाज मंडी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक गलत दिशा से आ रहा था और उसने बाइक पर बैठे व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान फुसगढ़ निवासी 37 वर्षीय बलकार के रूप में हुई है, जो पेशे से प्लंबर था। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई रामफल के अनुसार, बलकार अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर दवाई लेने के लिए अनाज मंडी की ओर गया था। रास्ते में उसके दोस्त को लघुशंका के लिए बाइक रोकनी पड़ी और वह सड़क किनारे चला गया, जबकि बलकार बाइक पर ही बैठा रहा।
इसी दौरान तेज रफ्तार से गलत दिशा में आ रहा एक ट्रक अचानक वहां पहुंचा और बाइक पर बैठे बलकार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बलकार ट्रक के नीचे आ गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।