Summer Express , गुरुग्राम | गुरुग्राम के सिधरावली क्षेत्र में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर अचानक मिट्टी धंसने से 11 श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव अभियान के बाद सभी श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इनमें से सात की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। यह अभियान देर रात तक जारी रहा।
रेस्क्यू टीमों ने मलबे में दबे सभी श्रमिकों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सात श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की पहचान शिवशंकर (बनिहारा), परमेश्वर मेहटो (होंडई), मंगल मेहटो (हाथी बिंदा), भागीरथ गोपे (पोहिता, जमशेदपुर), सतीश (भरतपुर), संजीव गोपे (पोहिता, जमशेदपुर) और धनंजय मेहटो (होंडई) के रूप में हुई है।
वहीं घायल श्रमिकों में इन्द्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी (नेपाल निवासी) तथा दीनदयाल शर्मा (बांदीकुई) शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आने के बाद उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही पूरे हादसे की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।