Summer Express, टोहाना | शहर के आईटीआई रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार पेट्रोल पंप से निकल रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार पंजाब के गांव सिंबलवाला निवासी राज सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से टोहाना की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह आईटीआई के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तभी पंप से तेल भरवाकर एक बाइक चालक अचानक सड़क पर आ गया।
बाइक सवार को टक्कर से बचाने के लिए चालक ने तुरंत गाड़ी मोड़ दी। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत चालक को सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि चालक राज सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।