ऊना, राकेश-:हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के गांव जेजों मोड़ से संबंध रखने वाले भारतीय सेना के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह अरुणाचल प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में 7 मार्च को सेना का वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें कुलवंत सिंह ने वीरगति प्राप्त की।
मंगलवार को हवाई मार्ग से शहीद कुलवंत सिंह की पार्थिव देह चंडीगढ़ लाई गई। बुधवार, 11 मार्च को सुबह उनकी अंतिम यात्रा जिला ऊना के सलोह स्थित पोस्ट ऑफिस से निकाली जाएगी। इसके बाद उनके पैतृक गांव जेजों मोड़ में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।शहीद कुलवंत सिंह के बलिदान की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और प्रशासन उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल होंगे।