Summer Express, फरीदाबाद | भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मुबारिक के रूप में हुई है, जो बिजली बिल कम कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार एक उपभोक्ता का करीब तीन लाख रुपये का बिजली बिल आया था। बिल को कम कराने के बदले सीए मुबारिक ने उससे 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इस मामले की सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दे दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार जब शिकायतकर्ता ने सेक्टर-55 इलाके में आरोपी को 15 हजार रुपये की रिश्वत दी, उसी दौरान एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को बिजली निगम में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।